लोकसभा चुनाव एक्जिट पोल : यूपी की इन सीटों पर है तगड़ी लड़ाई, जानिए कहां-कहां सपा-कांग्रेस के बन रहे सांसद

 


लोकसभा चुनाव : इस आर्टिकल में हम उत्तर प्रदेश की ऐसी ही सीटों के बारे में जानेंगे जिनपर मुक़ाबला काफी करीबी माना जा रहा है।

लोकसभा चुनाव के परिणाम 4 जून को सामने आएंगे लेकिन एग्जिट पोल के आंकड़ों पर फिलहाल हर तरफ चर्चा जारी है। एग्जिट पोल में देशभर में ज्यादतार सीटों पर बीजेपी को बढ़त दिखाई जा रही है और मोदी सरकार एक बार फिर आती दिखाई दे रही है। खासतौर पर अगर नज़र डालें उत्तर प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों में से भी बड़ी संख्या बीजेपी के पास जाती दिख रही है लेकिन ऐसी कई सीटें हैं जहां टक्कर का मुक़ाबला हो सकता है। इस आर्टिकल में हम उत्तर प्रदेश की ऐसी ही सीटों के बारे में जानेंगे जिनपर मुक़ाबला काफी करीबी माना जा रहा है।

उत्तर प्रदेश : किन सीटों पर है टक्कर?

बाराबंकी लोकसभा : उत्तर प्रदेश की बाराबंकी लोकसभा सीट पर मुकाबला काफी नजदीकी माना जा रहा है, स्कूल ऑफ पॉलिटिक्स एजेंसी के अनुसार कांग्रेस के तनुज पुनिया यह सीट जीत रहे हैं और यहां से भाजपा की राज रानी रावत हार रही हैं।

संतकबीरनगर लोकसभा सीट : ऐसा माना जा रहा है कि संतकबीरनगर लोकसभा सीट से भी भाजपा हार सकती है। स्कूल ऑफ पॉलिटिक्स एजेंसी के मुताबिक यह सीट सपा के हिस्से में जा सकती है, हालांकि कुछ और एग्जिट पोल यहां काफी तगड़ी टक्कर बता रहे हैं। यहां भाजपा के सहयोगी निषाद पार्टी के संजय निषाद के बेटे प्रवीण निषाद BJP से प्रत्याशी हैं। यहां से सपा कि ओर से लक्ष्मीकान्त निषाद हैं।

आजमगढ़ लोकसभा सीट : आजमगढ़ लोकसभा सीट पर इस बार भाजपा प्रत्याशी दिनेश लाल यादव निरहुआ के लिए जीतना बहुत आसान नजर नहीं आ रहा है। यहां उनके सामने सपा के धर्मेंद्र यादव चुनाव लड़ रहे हैं।

घोसी लोकसभा सीट : घोसी लोकसभा सीट पर भी मुकाबला काफी कड़ा माना जा रहा है। यहां से NDA की ओर से सुभासपा के प्रमुख ओपी राजभर के बेटे अरविंद राजभर चुनाव लड़ रहे हैं। माना जा रहा है कि यहां सपा आगे है।

गाजीपुर लोकसभा सीट : उत्तर प्रदेश की गाजीपुर लोकसभा सीट पर मुकाबला काफी दिलचस्प माना जा रहा है। यहां सपा की ओर से अफजाल अंसारी मैदान में थे वहीं उनके सामने पारस नाथ राय को उतारा था। यहां फिलहाल सपा आगे दिख रही है।

बलिया लोकसभा सीट : बलिया लोकसभा पर भी मुकाबला कड़ा माना जा रहा है। यहां बीजेपी की ओर से नीरज शेखर को मैदान में उतारा गया है। वहीं सपा ने यहां से सनातन पाण्डेय को मैदान में उतारा है।

बस्ती लोकसभा सीट : बस्ती लोकसभा पर भी मुकाबला करीबी माना जा रहा है। यहां बीजेपी की ओर से हरीश द्विवेदी को मैदान में उतारा गया था। सपा ने यहां से राम प्रकाश चौधरी को मैदान में उतारा था।

कैसरगंज लोकसभा सीट : कैसरगंज लोकसभा सीट पर बीजेपी ने बृजभूषण शरण सिंह के बेटे करण भूषण सिंह को मैदान में उतारा था। लेकिन यहां उनकी जीत बहुत आसान नजर नहीं आ रही है। सपा के भगत राम मिश्रा उन्हें कड़ी टक्कर देते दिख रहे हैं।

अमेठी लोकसभा सीट : अमेठी लोकसभा से बीजेपी की तरफ से स्मृति ईरानी मैदान थीं। लेकिन इस बार उनके लिए मुकाबला बहुत आसान नहीं है। माना जा रहा है कि यहां कांग्रेस के किशोरी लाल शर्मा उन्हें कड़ी टक्कर दे रही हैं।

रामपुर लोकसभा सीट : बीजेपी ने अपने मौजूदा सांसद घनश्याम लोधी को उम्मीदवार बनाया था। उनके सामने सपा ने मोहिबुल्ला नदवी को उम्मीदवार बनाया था। यहां भी लड़ाई काफी करीबी मानी जा रही है। बसपा ने यहां से जीशान खान को टिकट दिया था।

सहारनपुर लोकसभा सीट : सहारनपुर लोकसभा सीट से कांग्रेस ने इमरान मसूद को उम्मीदवार बनाया था। उनके सामने बीजेपी से राघव लखन पाल शर्मा थे, जबकि बसपा से यहां माजिद आली चुनाव लड़ रहे थे। सहारनपुर लोकसभा में भी मुकाबला काफी करीबी माना जा रहा है।

मेरठ लोकसभा सीट : सपा से संगीता वर्मा को उम्मीदवार बनाया गया था। उनके सामने बीजेपी से अरुण गोविल और बसपा से देवव्रत कुमार त्यागी को मैदान में उतारा गया था। यहां भी मुकाबला काफी करीबी माना जा रहा है।

साभार - जनसत्ता 





Comments