यूरिक एसिड हाई होने पर पेशाब में दिखते हैं ये 5 लक्षण, हो जाए सावधान


शरीर में यूरिक एसिड बढ़ने पर पेशाब में कुछ लक्षण नजर आ सकते हैं। आइए, जानते हैं इस बारे में विस्तार से :-

गलत खानपान और खराब जीवनशैली के कारण हाई यूरिक की समस्या से आजकल काफी लोग परेशान हैं। दरअसल, यूरिक एसिड हमारे शरीर में बनने वाले एक तरह का अपशिष्ट पदार्थ है, जो प्यूरिन नामक केमिकल के टूटने से बनता है। आमतौर पर, हमारी किडनी इसे फिल्टर करके पेशाब के जरिए शरीर से बाहर निकाल देती है। लेकिन जब किडनी ठीक तरह से काम नहीं कर पाती है, तो शरीर में इसका स्तर बढ़ जाता है। जिसकी वजह से यह जोड़ों के आसपास क्रिस्टल के रूप में जमा होने लगता है। शरीर में यूरिक एसिड का स्तर बढ़ने से जोड़ों में दर्द, सूजन और गाउट जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। अगर सही समय पर इसका इलाज न किया जाए, तो सेहत को कई गंभीर नुकसान हो सकते हैं। यूरिक एसिड का स्तर बढ़ने पर शरीर में कई लक्षण नजर आते हैं। साथ ही, पेशाब में भी इसके कुछ लक्षण देखने को मिल सकते हैं। तो आइए, जानते हैं हाई यूरिक एसिड होने पर पेशाब में कौन-कौन से लक्षण दिखते हैं?

पेशाब करते समय जलन होना : शरीर में यूरिक एसिड का स्तर बढ़ने पर पेशाब में जलन की समस्या हो सकती है। साथ ही, पेशाब करते समय दर्द भी हो सकता है। हालांकि, ये यूरिन इंफेक्शन या कुछ अन्य बीमारियों का लक्षण भी हो सकता है। ऐसे में, सही कारण का पता लगाने के लिए आपको डॉक्टर से मिलकर जांच करवा लेनी चाहिए। अगर समय पर इलाज न किया जाए, तो यूरिक की समस्या बढ़ सकती है।

पेशाब के रंग में बदलाव : हाई यूरिक एसिड होने पर पेशाब के रंग में भी बदलाव नजर आ सकता है। इसकी वजह से पेशाब का रंग मटमैला या धुंधला नजर आने लगता है। अगर आपको भी पेशाब झागदार या गहरे रंग का नजर आ रहा है, तो आपको डॉक्टर से मिलकर टेस्ट जरूर करवाना चाहिए। यह इस बात का संकेत है कि आपकी किडनी ठीक तरह से काम नहीं कर पा रही है।

बार-बार पेशाब आना : यूरिक एसिड का स्तर बढ़ने पर बार-बार पेशाब आने की समस्या हो सकती है। दरअसल, जब यूरिक एसिड बढ़ जाता है, तो किडनी अपना काम सही तरह से नहीं कर पाती है। इससे किडनी पर अधिक भार बढ़ जाता है, जिससे मरीज को बार-बार पेशाब जाने की इच्छा महसूस होती है। अगर आपको भी लंबे समय से इस तरह की परेशानी हो रही है, तो आपको डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

पेशाब में खून आना : शरीर में जब यूरिक एसिड की मात्रा बढ़ जाती है, तो बॉडी में पानी की कमी हो सकती है। डिहाइड्रेशन के कारण आपके पेशाब में खून भी आ सकता है। यह इस बात का संकेत है कि आप किसी इंफेक्शन की चपेट में हैं। अगर आप भी इस तरह की समस्या का सामना कर रहे हैं, तो तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।

पेशाब करते समय गंध आना : शरीर में यूरिक एसिड का स्तर बढ़ने पर पेशाब से तीव्र गंध आने लगती है। हालांकि, इसके पीछे कुछ अन्य कारण भी जिम्मेदार हो सकते हैं। डायबिटीज जैसी बीमारियों में भी पेशाब से तेज गंध आ सकती है। अगर आपको भी इस तरह का लक्षण महसूस हो रहा है, तो आपको तुरंत डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।

डिस्क्लेमर : हमारे लेखों में साझा की गई जानकारी केवल इंफॉर्मेशनल उद्देश्यों से शेयर की जा रही है इन्हें डॉक्टर की सलाह के रूप में नहीं माना जाना चाहिए। किसी भी बीमारी या विशिष्ट हेल्थ कंडीशन के लिए स्पेशलिस्ट से परामर्श लेना अनिवार्य होना चाहिए। डॉक्टर/एक्सपर्ट की सलाह के आधार पर ही इलाज की प्रक्रिया शुरु की जानी चाहिए।

साभार - thehealthsite.com





Comments