रीवा। अपनी मासूम बच्ची के साथ कुएं में कूदकर महिला ने आत्महत्या की है। बताया जा रहा है कि महिला ने शाम के समय आत्मघाती कदम उठाया था जिसकी जानकारी परिजनों को सुबह हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई जिसने शव को बाहर निकलवा लिया। महिला ने किन कारणों के चलते यह कदम उठाया है इसका अभी तक पता नहीं चल पाया।
बड़ी वाली बच्ची गई थी ट्यूशन
रोंगटे खड़े कर देने वाली यह घटना चोरहटा थाने के कुईया गांव की है। यहां रहने वाली रिंकी पटेल पति लालमणि पटेल ने सोमवार की शाम अपनी 2 वर्षीय बच्ची अभिनि पटेल के साथ घर से डेढ़ सौ मीटर दूर स्थित कुएं में छलांग लगा दी थी। घटना के समय पति काम करने गया था और बड़ी वाली बच्ची ट्यूशन पढ़ने चली गई थी। बच्ची जब वापस लौट कर आई तो मां घर में नहीं थी। परिजन पूरी रात महिला की तलाश करते हैं लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।
नजर आए महिला के कपड़े
सुबह स्थानीय लोगों ने जब कुएं में देखा तो महिला के कपड़े नजर आए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से मदद से शव को बाहर निकलवाया गया। पहले महिला का शव निकला और उसके बाद बच्ची का भी शव बाहर निकाल लिया गया। सीन ऑफ क्राइम यूनिट के वरिष्ठ वैज्ञानिक अधिकारी डॉ आरपी शुक्ला ने भी टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। महिला द्वारा उठाए गए इस आत्मघाती से पूरा परिवार गहरे सदमे में है। फिलहाल घटना के कारण सामने नहीं आए हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है।
0 Comments